Haryana News: सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। प्याऊ मनियारी के पास फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही 7 माह की गर्भवती महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर हालत गंभीर हो गई, जबकि साथ चल रही उसकी मां भी बुरी तरह घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों महिलाएं हाईवे पार कर रही थीं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़ीं और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान 20 वर्षीय विनीता ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि विनीता सात माह की गर्भवती थीं और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिनके चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

मां की हालत नाजुक, रोहतक रेफर

हादसे में घायल विनीता की मां मंजू की हालत भी गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI Rohtak रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर लेकिन चिंताजनक है।

मृतका के पति करण ने बताया कि विनीता और उनकी मां कुंडली स्थित एक चप्पल फैक्ट्री में काम करती थीं और रोज की तरह शुक्रवार को भी फैक्ट्री से लौट रही थीं।

डेढ़ साल पहले हुआ था विवाह

करण ने पुलिस को बताया कि उसका विनीता से डेढ़ साल पहले विवाह हुआ था। दोनों पिछले तीन साल से प्याऊ मनियारी की पेपर मिल कॉलोनी में रह रहे थे। विनीता शादी से पहले भी इसी इलाके में रहती थीं और करीब दो साल से फैक्ट्री में नौकरी कर रही थीं।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद से कार चालक फरार है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *