हांसी चोरी कांड का पर्दाफाश: भाई के पार्टनर ने ही की थी 7.90 लाख की चोरी, 72 घंटे में पुलिस ने ऐसे दबोचा
हांसी: कहते हैं कि दुश्मन से सावधान रहना आसान है, लेकिन जब वार ‘अपनों’ के बीच बैठने वाला कोई शख्स करे, तो घाव गहरा होता है। हरियाणा के हांसी में लाल सड़क इलाके में हुई 7.90 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने इसी कड़वे सच से पर्दा उठाया है। जिस शख्स पर परिवार भरोसा करता था, वही घर की तिजोरी का ‘भेदी’ निकला।
मास्टरमाइंड की चालाकी और पुलिस का जाल
बीती 8 फरवरी को जब कारोबारी हितेश ढींगड़ा फरीदाबाद से वापस अपने घर लौटे, तो उनके होश उड़ गए। घर का ताला टूटा था और अलमारी से करीब 8 लाख रुपये गायब थे। डीएसपी विनोद शंकर की निगरानी में टीम ने जब जांच शुरू की, तो शक की सुई किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि घर की गतिविधियों पर नजर रखने वाले एक करीबी पर जाकर टिकी। पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर तकनीक और सटीक मुखबिरी के दम पर आरोपी नीरज को धर दबोचा।
पार्टनरशिप की आड़ में रची गई साजिश
जांच में जो खुलासा हुआ वह हैरान करने वाला है। 28 वर्षीय आरोपी नीरज, पीड़ित के भाई तरुण ढींगड़ा का बिजनेस पार्टनर है। नीरज का ढींगड़ा परिवार में उठना-बैठना था और उसे बखूबी पता था कि घर में नकदी कहां रखी जाती है और परिवार कब बाहर रहता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने उस वक्त हाथ साफ किया जब हितेश फरीदाबाद में थे।
रिमांड पर ‘राज’ उगलवाएगी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के पास से अब तक 3.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। हालांकि, चोरी की गई बाकी रकम यानी 4.40 लाख रुपये अभी बरामद होना बाकी है। आरोपी ने बताया है कि उसने यह पैसा अपनी मौसी के लड़के के घर छुपाया है। कोर्ट ने नीरज को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस उसे उन ठिकानों पर लेकर जाएगी जहां उसने चोरी का पैसा ठिकाने लगाया है।
इस श्रेणी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें: Haryana



