Haryana Weather Update: फरवरी में मई जैसी गर्मी, पलवल सबसे गर्म; 17 फरवरी से बारिश के आसार, जानें आपके शहर का हाल
चंडीगढ़/रोहतक: हरियाणा में कुदरत के दोहरे रंग ने आम जनजीवन को उलझा कर रख दिया है। अभी फरवरी का आधा महीना ही बीता है कि सूर्य देव के तीखे तेवरों ने मई-जून की याद दिलानी शुरू कर दी है। दिन की चुभती धूप पसीने छुड़ा रही है, तो वहीं रातें अब भी हल्की गुलाबी ठंड का अहसास करा रही हैं। तापमान के इस ‘शतरंज’ ने न केवल मौसम वैज्ञानिकों को हैरान किया है, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का अंबार भी लगा दिया है।
गर्मी का ‘अर्ली अटैक’: पलवल रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में पारा उम्मीद से कहीं ऊपर चला गया। आंकड़ों की बात करें तो पलवल 30.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में भी रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक यानी 13.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिन में तेज धूप और रात में अचानक गिरता पारा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) की परीक्षा ले रहा है, जिससे घर-घर में खांसी, जुकाम और वायरल बुखार ने दस्तक दे दी है।
पश्चिमी विक्षोभ लाएगा राहत: 17 से बदलेगा सीन
मौसम के इस ‘हीट टॉर्चर’ के बीच राहत की खबर भी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के वायुमंडल में हलचल तेज होगी और झुलसाने वाली गर्मी से कुछ दिनों के लिए ब्रेक मिलेगा।
17 से 19 फरवरी के बीच सिरसा, हिसार, गुरुग्राम और रेवाड़ी सहित दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के जिलों में गर्जना के साथ बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं उत्तरी हरियाणा के पंचकूला और अंबाला जैसे जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस बारिश के बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी, जिससे रात की ठंडक वापस लौट सकती है।
इस श्रेणी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें: Haryana



