पलवल। व्रत के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. ईश्वर कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सूजी, कुट्टू का आटा, लिटल मिलेट और साबूदाना सहित खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभाग के अनुसार, नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य व्रत के दौरान बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इन बाजारों और क्षेत्रों में किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. ईश्वर कुमार ने बताया कि विभाग की टीम उत्तवर चौक, हथीन बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी, गोशाला मार्केट, होडल और हसनपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है।
व्रत के दिनों में कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और समा चावल जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन उत्पादों की नियमित सैंपलिंग की जा रही है। लिए गए नमूनों को नियमानुसार सील करके प्रयोगशाला भेजा गया है।
दुकानदारों को लाइसेंस और साफ-सफाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों, मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की बिक्री के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का आवश्यक पंजीकरण या लाइसेंस लेने के निर्देश दिए।
कारोबारियों को दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के लिए भी कहा गया। डॉ. ईश्वर कुमार ने स्पष्ट किया कि आवश्यक पंजीकरण या लाइसेंस के बिना कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर भी नजर
विभाग ने कारोबारियों को हरियाणा सरकार की ओर से एनालॉग पनीर, पूजा घी और दिया घी के भंडारण एवं बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस संबंध में प्रतिबंध 17 अगस्त 2026 से लागू किए जाने के निर्देश जारी हुए थे। पान-गुटखा से जुड़े सरकारी आदेशों का पालन करने की हिदायत भी दी गई है।
प्रतिबंधित उत्पादों से संबंधित आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
व्रत की सामग्री खरीदते समय क्या ध्यान रखें?
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने उपभोक्ताओं से व्रत के लिए खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर लिखी निर्माण तिथि, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ विश्वसनीय दुकानदारों से खरीदें और गुणवत्ता या तिथि को लेकर संदेह होने पर उसका सेवन न करें।
यदि किसी दुकान पर एक्सपायरी या संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बिकते दिखाई दें, तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की गई है। विभाग ने कहा कि जिले में निरीक्षण, सैंपलिंग और जागरूकता अभियान जारी रहेगा।




